#देश दुनिया #पॉलिटिक्स #राज्य-शहर

मुंडावर में सागर जलाशय जीर्णोद्धार का शिलान्यास, भूपेंद्र यादव बोले— जल संरक्षण धरती की सच्ची सेवा

खैरथल-तिजारा, 22 फरवरी।
केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने मुंडावर के बावड़ी रोड स्थित सागर जलाशय के जीर्णोद्धार कार्य का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जल संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और पानी बचाना ही धरती माता की सच्ची सेवा है।

भूपेंद्र यादव ने बताया कि पहले एक क्रिकेट मैच के दौरान इस क्षेत्र में आने पर यहां की प्राकृतिक परिस्थितियों और संभावनाओं को देखते हुए जल भंडारण क्षमता बढ़ाने की जरूरत महसूस की गई थी। उसी सोच का परिणाम है कि आज इस महत्वपूर्ण परियोजना की शुरुआत हुई है। सागर जलाशय के जीर्णोद्धार से वर्षा जल का स्थायी संग्रहण संभव होगा, जिससे भूजल स्तर में सुधार आएगा और मुंडावर सहित आसपास के इलाकों को जल संकट से राहत मिलेगी।

उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की कि योजना के संरक्षण व बेहतर संचालन के लिए एक समिति बनाई जाए। साथ ही जलाशय के आसपास हरियाली बढ़ाने, सड़कों के किनारे पौधारोपण करने और क्षेत्र को आदर्श हरित जोन के रूप में विकसित करने में सक्रिय भागीदारी निभाई जाए।

केंद्रीय मंत्री ने अरावली पर्वतमाला के संरक्षण पर विशेष जोर देते हुए अवैध खनन रोकने को धरती माता की सेवा बताया। उन्होंने वन विभाग को निर्देश दिए कि स्थानीय प्रजातियों के पौधों का अधिकाधिक रोपण किया जाए तथा कुछ क्षेत्रों को संरक्षित कर प्राकृतिक रूप से हरित क्षेत्र विकसित किए जाएं, ताकि पर्यावरण संतुलन बना रहे और वन्यजीवों को प्राकृतिक संसाधन मिल सकें।

भूपेंद्र यादव ने कहा कि पानी का निर्माण संभव नहीं है, केवल संरक्षण और पुनः उपयोग ही उपाय है। देश में मीठे पानी की उपलब्धता सीमित है, इसलिए जल संरक्षण और जल पुनः उपयोग पर ठोस प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने भिवाड़ी में प्रगतिरत 34 एमएलडी जल शोधन एवं भंडारण परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि उपचारित जल का उद्योगों में उपयोग कर मीठे पानी की बचत की जा सकती है।

उन्होंने सागर जलाशय जीर्णोद्धार को पर्यावरण संरक्षण और जल संरक्षण की दिशा में एक आदर्श मॉडल बताते हुए कहा कि यह पहल अन्य क्षेत्रों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।

मन की बात कार्यक्रम सुना
इस अवसर पर अतिथियों ने स्थानीय लोगों के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ को सुना। भूपेंद्र यादव ने कहा कि ‘मन की बात’ के माध्यम से प्रधानमंत्री देश की प्रगति की यात्रा साझा करते हैं और उनके विचार राष्ट्र सेवा, सामाजिक समर्पण व सकारात्मक बदलाव की दिशा में प्रेरणा देते हैं।

कार्यक्रम में राज्य पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा, पूर्व विधायक रामहेत यादव, डेयरी चेयरमैन नितिन सांगवान, बन्नाराम मीणा, मोहित यादव, इंद्र यादव, अंजली यादव सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *