शराब समझकर पी गया जहर: अलवर में बस चालक की दर्दनाक मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़…
अलवर जिले के बड़ौदामेव थाना क्षेत्र के रघुनाथ बास गांव में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। यहां 40 वर्षीय अशोक शर्मा पुत्र गिरिराज प्रसाद, जो पेशे से प्राइवेट बस चालक था, ने गलती से जहरीली दवा पी ली।
जानकारी के अनुसार अशोक शर्मा पिछले डेढ़ महीने से काम पर नहीं जा रहा था और लगातार शराब का सेवन कर रहा था। रविवार देर रात उसने नशे की हालत में खेतों में छिड़कने वाली कीटनाशक दवा एल्डरिन को शराब समझकर पी लिया। कुछ ही देर में उसकी हालत बिगड़ गई और वह अचेत होकर गिर पड़ा।
परिजनों ने तुरंत उसे गंभीर हालत में अलवर के सामान्य चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान सोमवार सुबह उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अशोक शर्मा परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसके पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं, जो फिलहाल पढ़ाई कर रहे हैं।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।