एपस्टीन फाइल खुलासों पर महिला कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, मिनी सचिवालय गेट पर केंद्रीय मंत्री का पुतला दहन…
महिलाओं और मासूम बच्चियों के खिलाफ हो रहे अपराधों को लेकर जिला मुख्यालय पर आज सियासी पारा चढ़ गया। एपस्टीन फाइल में हुए सनसनीखेज खुलासों के बाद महिला कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। मिनी सचिवालय के मुख्य गेट पर जोरदार प्रदर्शन किया गया और केंद्रीय मंत्री का पुतला फूंका गया। महिला कांग्रेस नेताओं ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है।
जिला महिला कांग्रेस कमेटी की जिलाध्यक्ष कमलेश सैनी के नेतृत्व में मिनी सचिवालय के मुख्य द्वार पर महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन एपस्टीन फाइल में सामने आए सनसनीखेज खुलासों को लेकर किया गया।
इस दौरान महिलाओं और नाबालिग बच्चियों के साथ हो रहे यौन शोषण के मामलों के खिलाफ जमकर आक्रोश जताया गया। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी का पुतला दहन किया।
प्रदर्शन में महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व विधायक साफिया खान विशेष रूप से मौजूद रहीं। बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस की पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुईं।
नेताओं ने कहा कि एपस्टीन फाइल में सामने आए तथ्यों ने पूरी दुनिया को झकझोर कर रख दिया है। ऐसे मामलों में शामिल दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाना चाहिए।
महिला कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और कड़ी से कड़ी सजा की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान जमकर नारेबाजी की गई और सरकार के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया गया।
कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव साफिया खान ने कहा
“एपस्टीन फाइल ने पूरी दुनिया के सामने सच्चाई रख दी है। महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ अपराध किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। दोषियों को फांसी जैसी सख्त सजा मिलनी चाहिए।”
कमलेश सैनी ने कहा
“आज देश में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। सरकार केवल बयानबाजी कर रही है। हम दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग करते हैं।”