लिव-इन के नाम पर हैवानियत: 19 साल की छात्रा पर प्रेमी का खौफनाक अत्याचार
हरियाणा के गुरुग्राम में एक 19 वर्षीय छात्रा के साथ लिव-इन रिश्ते की आड़ में की गई क्रूरता का मामला सामने आया है। आरोपी युवक पर युवती के साथ गंभीर हिंसा और शारीरिक शोषण करने के आरोप हैं। पीड़िता की हालत गंभीर बनी हुई है और वह अस्पताल में इलाजरत है।
एफआईआर दर्ज, कई गंभीर धाराओं में केस
पुलिस के अनुसार, हरियाणा पुलिस ने बादशाहपुर थाना क्षेत्र में मामला दर्ज किया है। एफआईआर 19 फरवरी 2026 की रात दर्ज हुई। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि पीड़िता के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
ऑनलाइन ऐप से हुई दोस्ती, शादी का वादा बना जाल
पीड़िता मूल रूप से त्रिपुरा की रहने वाली है। वह गुरुग्राम में रहकर बायोटेक्नोलॉजी में बीएससी की पढ़ाई कर रही थी। पुलिस के अनुसार, सितंबर 2025 में उसकी मुलाकात एक युवक से ऑनलाइन ऐप के जरिए हुई। बातचीत बढ़ने के बाद दोनों मिलने लगे और कुछ समय बाद साथ रहने लगे। युवती का आरोप है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर उससे संबंध बनाए और बाद में उस पर शक करते हुए हिंसा करने लगा।
16 फरवरी की रात: मारपीट और जलाने की कोशिश का आरोप
पीड़िता के बयान के मुताबिक, 16 फरवरी 2026 की रात आरोपी ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। आरोप है कि उसके सिर पर वार किया गया और उसे दीवार व फर्नीचर से टकराया गया। युवती ने यह भी बताया कि आरोपी ने सैनिटाइज़र डालकर उसके निजी अंगों को जलाने की कोशिश की और चाकू से हमला किया। साथ ही उसे जान से मारने और अपंग कर देने की धमकी दी गई।
मां को फोन कर मांगी मदद, 112 पर पहुंची पुलिस
18 फरवरी की रात पीड़िता ने किसी तरह आरोपी का मोबाइल लेकर अपनी मां को फोन किया और पूरी घटना बताई। इसके बाद परिवार की ओर से 112 पर कॉल किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हालत गंभीर, दिल्ली रेफर की गई पीड़िता
पुलिस के अनुसार, शुरुआत में युवती को बयान देने के लिए अयोग्य घोषित किया गया था। बाद में उसे इलाज के लिए सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे बयान देने के लिए फिट बताया। इसके बाद पुलिस ने पीड़िता का विस्तृत बयान दर्ज किया।
पुलिस जांच जारी, आरोपी की तलाश तेज
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। आरोपी की तलाश जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पीड़िता को सुरक्षा और मेडिकल सहायता उपलब्ध कराई जा रही है