#क्राइम #देश दुनिया #राज्य-शहर

किशनगढ़ बास में संदिग्ध हालात में युवक की मौत, ससुराल पक्ष पर जहर पिलाने व मारपीट का आरोप

खैरथल-तिजारा जिले के किशनगढ़ बास थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने ससुराल पक्ष के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी रिपोर्ट में प्रार्थी रुकमुदीन निवासी कोलगांव ने बताया कि उसके भाई आबिद की शादी करीब तीन-चार वर्ष पूर्व ग्राम न्याणा निवासी रफसीना से हुई थी। विवाह के बाद से ही पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था।

परिजनों के अनुसार 11 फरवरी 2026 को ससुराल पक्ष ने आबिद को फोन कर न्याणा बुलाया। वहां उसके साथ मारपीट की गई और कथित रूप से प्रताड़ित किया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि विवाद के दौरान आबिद को जबरन जहरीला पदार्थ पिलाया गया और उसके पास मौजूद नकदी व जेवर भी रख लिए गए।

गंभीर हालत में आबिद को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत बिगड़ने पर उसे जयपुर स्थित NIMS Hospital रेफर किया गया, जहां 17 फरवरी की शाम उसकी मौत हो गई।

परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान ससुराल पक्ष का कोई भी सदस्य उसकी सुध लेने नहीं पहुंचा। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

किशनगढ़ बास थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

थाना अधिकारी ने बताया कि मृतक का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामले में निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *