#क्राइम #देश दुनिया #राज्य-शहर

खेड़ली में वीडियो कॉल बना हादसे की वजह, मारुति वैन पलटी; भाई-बहन सहित चार गंभीर घायल…

खेड़ली क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जहां वीडियो कॉल पर बात करते हुए गाड़ी चलाना चार लोगों को भारी पड़ गया। खेरली रेल गांव से आगे टोल नाके के पास एक मारुति वैन अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे 21 वर्षीय युवक सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से तीन घायलों को हायर सेंटर रैफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार खेरली रेल निवासी मुकेश जाटव हाल ही में एक सेकंड हैंड मारुति वैन खरीदकर लाए थे। शुक्रवार को उनका 21 वर्षीय पुत्र शुभम वैन में अपनी बहन सलोनी तथा मौसी की दो बेटियों नैना और सोनिया को बैठाकर घूमने के लिए निकला था। इसी दौरान वाहन चलाते समय शुभम वीडियो कॉल पर बात कर रहा था, जिससे उसका वाहन से नियंत्रण हट गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टोल नाके से पहले वैन ने तीन से चार पलटी खाईं और सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पास में कार्य कर रहे मजदूरों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को वाहन से बाहर निकाला और टेंपू की मदद से उप जिला अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने शुभम, सलोनी और नैना की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रैफर कर दिया, जबकि सोनिया का उपचार उप जिला अस्पताल में जारी है। हादसे की सूचना पर पुलिस थाने के एसआई मुकेश मीणा अस्पताल पहुंचे और घायलों की स्थिति की जानकारी ली। फिलहाल इस मामले में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है।

इधर हादसे की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों की भारी भीड़ जमा हो गई और परिजनों में कोहराम मच गया।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *