खरकड़ी कला में किसान–पैंथर आमना-सामना: 15 मिनट के संघर्ष के बाद पैंथर की मौत, किसान गंभीर घायल
खरकड़ी कला निवासी 52 वर्षीय श्रवण गुर्जर सुबह खेत में डाली काटने गए थे। खेत पहुंचकर जैसे ही वे एक पेड़ पर चढ़ने लगे, झाड़ियों में छिपे पैंथर ने अचानक उन पर हमला कर दिया। पैंथर ने श्रवण को दबोच लिया और काफी दूर तक घसीटते हुए ले गया। इसके बाद उसने पंजों और दांतों से लगातार वार किए, जिससे किसान के पैर, जांघ, पीठ और हाथों पर गहरे घाव हो गए।
हमले के दौरान किसान ने सूझबूझ दिखाते हुए अपनी गर्दन को बचाए रखा। पैंथर ने कई बार गर्दन पर हमला करने की कोशिश की, लेकिन श्रवण ने अपने हाथ आगे रखकर खुद को बचाया। इसी बीच किसान की चीख-पुकार सुनकर पास के खेत में काम कर रहे कैलाश मौके पर पहुंचे और शोर मचाया। इसका फायदा उठाते हुए किसान ने पैंथर के सिर पर वार कर दिया, जिससे पैंथर की मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों की मदद से गंभीर रूप से घायल श्रवण गुर्जर को तुरंत नारायणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए अलवर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में पैंथर की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।