कठूमर में बिजली चोरी पकड़ने गई विजिलेंस टीम पर हमला, एईएन समेत चार कर्मचारी घायल…
अलवर जिले के कठूमर कस्बे में शनिवार सुबह बिजली चोरी की कार्रवाई के दौरान बिजली विभाग की विजिलेंस टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। बिजली चोरी कर रहे एक परिवार ने टीम पर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से हमला कर दिया, जिसमें एईएन सहित चार कर्मचारी घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही कठूमर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायल कर्मचारियों को कठूमर अस्पताल में भर्ती कराया। घायलों में लाइनमैन बच्चू सिंह चौधरी की हालत गंभीर बताई जा रही है। उनकी आंख के पास गंभीर चोट आई है और लगातार खून बहने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अलवर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
आरोप है कि हब्बू और झब्बू मीणा, उनके बेटों सहित करीब पांच पुरुषों और तीन महिलाओं ने मिलकर विजिलेंस टीम पर हमला कर दिया और लाठी-डंडों व लात-घूंसों से जमकर मारपीट की। इस हमले में विजिलेंस एईएन प्रमोद शर्मा, कर्मचारी राजकुमार, नरोत्तम यादव और लाइनमैन बच्चू सिंह चौधरी घायल हो गए।
घटना के बाद बिजली विभाग की ओर से आरोपियों के खिलाफ राजकार्य में बाधा डालने सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कराया गया है। वहीं, लाइनमैन बच्चू सिंह के परिजनों ने बताया कि उनके हाथ, पैर और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं तथा आंख के पास से काफी देर तक खून बहता रहा।