कठूमर में एसपी का औचक निरीक्षण, क्राइम कंट्रोल पर शिकंजे कसने —नशा व महिला अपराध पर जीरो टॉलरेंस के दिए निर्देश…
अलवर पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने शुक्रवार शाम कठूमर पहुंचे इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय और थानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अभिलेखों की जांच, मालखाने की स्थिति और लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई। व्यवस्थाओं में सुधार और त्वरित निस्तारण को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश भी दिए गए।
इसके बाद सर्किल क्षेत्र के थानाधिकारियों के साथ क्राइम मीटिंग आयोजित कर क्षेत्र में अपराध की मौजूदा स्थिति और आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। एसपी ने बताया कि बीते वर्ष की विशेष पेंडेंसी शेष नहीं है और अपराध की घटनाओं में गिरावट दर्ज की गई है। वर्ष 2026 में अपराध पर और प्रभावी नियंत्रण के लिए सख्त कार्ययोजना लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।
एसपी ने नशे के खिलाफ जनभागीदारी पर जोर देते हुए आमजन से सहयोग की अपील की और युवाओं से ड्रग्स से जुड़ी किसी भी गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने का आह्वान किया। महिला अपराधों के मामलों में समयबद्ध, संवेदनशील और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया गया।
जर्जर पुलिस भवनों के पुनर्निर्माण और आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए बजट प्रस्ताव उच्चाधिकारियों को भेजने की जानकारी भी दी गई। एसपी ने दो टूक कहा कि कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं होगा और लापरवाही पर जिम्मेदारों पर कार्रवाई तय है।