कठूमर-लक्ष्मणगढ़ रोड पर दो बाइकों की जोरदार भिड़ंत, शिक्षक सहित दो युवक गंभीर घायल..
कठूमर–लक्ष्मणगढ़ मार्ग पर पावटा मोड़ के पास मंगलवार शाम दो बाइकों की आमने-सामने हुई भिड़ंत में एक सरकारी शिक्षक समेत दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि शिक्षक के दोनों पैरों में गंभीर चोटें आ गईं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को अस्पताल भिजवाया।
द्वितीय थानाधिकारी गुलाब सिंह ने बताया कि दयालपुरा निवासी केशरदेव (पुत्र सोहनलाल सैनी), जो सालेमपुर स्थित सरकारी विद्यालय में अध्यापक हैं, मंगलवार शाम करीब 4 बजे ड्यूटी से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान पावटा मोड़ के पास सामने से आ रही एक बाइक से उनकी टक्कर हो गई।
घायलों को एम्बुलेंस की सहायता से कठूमर सीएचसी लाया गया, जहां ड्यूटी डॉक्टर जवाहर सिंह ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को गंभीर हालत होने पर उच्च चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।