कलेशान ग्राम पंचायत की समस्याओं को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन, 11 सूत्री मांगों का ज्ञापन एसडीओ को सौंपा…
राजगढ़ (अलवर)। राजगढ़ पंचायत समिति क्षेत्र की कलेशान ग्राम पंचायत में व्याप्त विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर ग्रामीणों ने उपखण्ड अधिकारी सीमा मीणा को 11 सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बंदरों के बढ़ते उत्पात, पेयजल आपूर्ति की कमी, श्मशान घाट में मूलभूत सुविधाओं का अभाव तथा लगातार हो रही बिजली कटौती जैसी प्रमुख समस्याओं का उल्लेख किया गया। ग्रामीण बलराम मीना ने बताया कि कलेशान, ठेकड़ीन और झोपड़ी गांवों में बड़ी संख्या में उत्पाती बंदरों के हमलों से अब तक कई लोग घायल हो चुके हैं। बंदर फसलों को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं और घरों में घुसकर खाद्य सामग्री व अन्य सामान उठा ले जाते हैं। ग्रामीणों ने बंदरों को पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर भेजे जाने की मांग की।
इसके साथ ही कलेशान में जल जीवन मिशन के तहत नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने, श्मशान घाट तक पहुंच मार्ग को पक्का कराने, चारदीवारी और टीन शेड निर्माण, तथा कलेशान के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के लिए पट्टा जारी कराने की मांग की गई। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि 24 घंटे बिजली आपूर्ति की घोषणा के बावजूद क्षेत्र में बार-बार कटौती की जा रही है, जिसे तत्काल बंद किया जाए।
ग्रामीणों ने प्रशासन से सभी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई कर राहत प्रदान करने की मांग की।