जोधपुर: पूर्व CM अशोक गहलोत का सरकार पर हमला, बोले—“हमारे शुरू किए प्रोजेक्ट ठप, आपराधिक लापरवाही”
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोमवार को जोधपुर के सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता के दौरान प्रदेश और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी सरकार के समय शहर में शुरू किए गए कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट आज ठप पड़े हुए हैं।
गहलोत ने कहा कि उनके कार्यकाल में जोधपुर में मेडिकल यूनिवर्सिटी सहित प्रतापनगर, मंडोर, चौपासनी और नवचौकिया में जिला अस्पतालों का निर्माण शुरू किया गया था, लेकिन वर्तमान सरकार ने इन परियोजनाओं को आगे बढ़ाने की बजाय उन्हें अधर में छोड़ दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि “कई अस्पतालों में स्टाफ की भारी कमी है—जहां 12 डॉक्टर होने चाहिए, वहां सिर्फ 2 ही तैनात हैं। यह आपराधिक नेग्लिजेंस है।”
उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार द्वारा करोड़ों और अरबों रुपए की लागत से तैयार किए गए प्रोजेक्ट्स को जानबूझकर बर्बाद किया जा रहा है। गहलोत ने दावा किया कि शहर के कई अस्पतालों में जरूरी उपकरण तक नहीं पहुंचाए जा रहे हैं।
अपने बर्थ पैलेस महामंदिर में बनाई गई सीएचसी का उदाहरण देते हुए गहलोत ने कहा कि वहां तक काम रुका पड़ा है। उन्होंने मांग की कि सरकार स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे से जुड़े इन प्रोजेक्ट्स को तुरंत पूरा कर जनता को राहत दे।