#देश दुनिया #पॉलिटिक्स #राज्य-शहर

जयपुर चेतावनी महारैली की तैयारियों को लेकर अलवर में बैठक, पोस्टर का विमोचन; विभागवार दल गठित…

अलवर (राजस्थान)। अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ के तत्वावधान में 12 जनवरी 2026 को जयपुर में प्रस्तावित राज्य स्तरीय चेतावनी महारैली की तैयारियों को लेकर रविवार को अलवर में बैठक आयोजित की गई। भवानी तोप स्थित पटवार विश्रांति भवन में हुई इस बैठक में जिले के विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी और प्रतिनिधि बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष मनोज मीणा ने की, जबकि संचालन जिलामंत्री केशरी सिंह ने किया। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष प्रवीण शर्मा, शीला यादव, सेटलमेंट विभाग के जिलाध्यक्ष फैयाज अहमद, भावना चौधरी, सियाराम मीणा, शीश मोहम्मद, अशोक शर्मा, भरतलाल मीणा, नरेंद्र शर्मा, भगतराम मीणा, धारासिंह चौधरी, प्रकाश पटेल और सुनील मीणा सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में चेतावनी महारैली को सफल और ऐतिहासिक बनाने के लिए विस्तृत रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान महारैली के प्रचार-प्रसार के लिए पोस्टर का औपचारिक विमोचन भी किया गया। साथ ही जिलेभर में प्रभावी संपर्क अभियान चलाने के लिए विभागवार प्रचार दलों का गठन कर उन्हें जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी मेडिकल विभाग से यश जोशी (प्रदेश अध्यक्ष—संविदा/प्लेसमेंट संघर्ष समिति), सुनील चौधरी और यक्ष जोशी को दी गई। आईसीटी विभाग से राहुल कुमार, ग्राम विकास संघ से मनोज यादव, सांख्यिकी विभाग से निरंजन लाल, शिक्षा विभाग से केसरी सिंह और योगेन्द्र कुमार, राजस्थान आवासन बोर्ड कर्मचारी संघ से प्रवीण शर्मा, पटवार संघ से संतोष कुमार व हरिओम सिंह तथा एएनएम संघ से शीला यादव को संबंधित विभागों में संपर्क और समन्वय का दायित्व सौंपा गया।

जिलाध्यक्ष मनोज मीणा ने कहा कि यह चेतावनी महारैली कर्मचारियों की जायज मांगों को सरकार तक मजबूती से पहुंचाने का सशक्त मंच बनेगी और आगे बड़े आंदोलन की आधारशिला रखेगी। उन्होंने बताया कि प्रमुख मांगों में पदोन्नति की विसंगतियों का समाधान, 8, 16, 24 व 32 वर्ष की सेवा पर समान वेतनमान, केंद्र के अनुरूप पे-चयनित वेतनमान लागू करना, पुरानी पेंशन योजना की सुरक्षा, संविदा व प्लेसमेंट कार्मिकों का नियमितीकरण, पारदर्शी स्थानांतरण नीति लागू करना, तृतीय श्रेणी शिक्षकों के तबादले तथा विभागों व निगमों में निजीकरण पर रोक शामिल हैं।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *