इंडोनेशिया के आचे में शरिया कानून के तहत सार्वजनिक कोड़े, महिला हुई बेहोशशादी से इतर संबंध और शराब पीने पर मिली 140 कोड़ों की सजा
इंडोनेशिया के आचे प्रांत में शरिया कानून का उल्लंघन करने पर एक युवक और एक युवती को सार्वजनिक रूप से 140-140 कोड़े मारने की सजा दी गई। दोनों पर शादी से बाहर यौन संबंध बनाने और शराब पीने का आरोप था। यह सजा आम लोगों की मौजूदगी में दी गई।
कोड़े लगने के दौरान महिला की बिगड़ी तबीयत
सजा के दौरान 21 वर्षीय युवती की हालत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गई। इसके बाद मौके पर मौजूद अधिकारियों ने तुरंत उसे एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया। कोड़े मारने की प्रक्रिया में तीन महिला अधिकारियों ने बारी-बारी से दंड दिया।
आचे में शरिया कानून के तहत सख्त प्रावधान
आचे इंडोनेशिया का एकमात्र ऐसा प्रांत है, जहां शरिया कानून लागू है। यहां नियमों के अनुसार शादी के बाहर यौन संबंध बनाने पर 100 कोड़े और शराब पीने पर 40 कोड़े मारने का प्रावधान है। अधिकारियों के अनुसार, यह पहली बार है जब किसी मामले में इतनी बड़ी संख्या में कोड़े की सजा दी गई।
शरिया पुलिस अधिकारी को भी मिली सजा
इस मामले के अलावा शरिया पुलिस बल के एक अधिकारी को भी सजा सुनाई गई। अधिकारी को एक महिला के साथ उसके घर में अकेले पकड़ा गया था। इस पर उसे और महिला साथी को 23-23 कोड़े मारे गए।
नौकरी से बर्खास्त होगा दोषी अधिकारी
सजा के साथ-साथ संबंधित शरिया पुलिस अधिकारी को नौकरी से बर्खास्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। आचे प्रांत में नैतिक अपराधों को लेकर कानून बेहद सख्त है और ऐसे मामलों में सार्वजनिक दंड की व्यवस्था की जाती है।