अलवर में भीषण सड़क हादसा: कार-बाइक टक्कर में किसान की मौत, दो बच्चे गंभीर घायल
अलवर जिले के बगड़ तिराहा थाना क्षेत्र अंतर्गत बिलाई पाड़ा में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। तेज रफ्तार बलेनो कार और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में 45 वर्षीय किसान रमेश मीणा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार जालुकी थाना क्षेत्र के मानोता कला गांव निवासी रमेश मीणा किसी घरेलू काम से अलवर बाजार आए थे। उनके साथ उनकी बेटी मनीषा मीणा, जो दिल्ली पुलिस में कार्यरत है, और बेटा योगेश मीणा, जो दिल्ली पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहा है, बाइक पर सवार थे।
इसी दौरान भिलाईवाड़ा के पास सामने से तेज गति में आ रही बलेनो कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि कार बाइक को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। हादसे में रमेश मीणा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को तुरंत अलवर के अलग-अलग निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे के बाद कार चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं, मृतक का पोस्टमार्टम सामान्य चिकित्सालय में कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया।