अलवर में दिल दहला देने वाला अपराध: पत्नी से विवाद में पिता ने 9 साल की बेटी की गला दबाकर हत्या की…
अलवर जिले के प्रतापगढ़ थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां पत्नी से चल रहे पारिवारिक विवाद के चलते एक पिता ने अपनी 9 वर्षीय बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी। मृत बच्ची चौथी कक्षा में पढ़ती थी।
पुलिस के अनुसार, 18 दिसंबर को गांव के पास झाड़ियों में बच्ची का शव मिला था। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी पिता ने पत्नी को पीहर से वापस बुलाने के इरादे से इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया। हत्या के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गुरुवार सुबह बच्ची बकरियां चराने के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान आरोपी उसके पीछे गया और घर से करीब 400 मीटर दूर झाड़ियों में ले जाकर उसका गला दबा दिया। गला दबाने के दौरान बच्ची की गर्दन की हड्डी तक टूट गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
एसएचओ राजकुमार के अनुसार आरोपी का पत्नी के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। करीब सात दिन पहले उसकी पत्नी उसे छोड़कर पीहर चली गई थी। आरोपी को पत्नी के चरित्र पर शक था, जिसको लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। मृतका की मां ने बताया कि आरोपी पति नशे का आदी है और सात दिन पहले उसके साथ मारपीट भी कर चुका था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी पत्नी को लेने ससुराल भी गया था, लेकिन वहां से उसे निराशा हाथ लगी। इसके बाद उसने बेटी की हत्या की साजिश रचनी शुरू कर दी। आरोपी को लगा कि बेटी की मौत के गम में पत्नी मजबूर होकर वापस घर लौट आएगी।
पुलिस के अनुसार बच्ची कुपोषित और शारीरिक रूप से कमजोर थी। आरोपी ने सोचा कि उसे मारने में ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ेगी और इस पर किसी को ज्यादा शक भी नहीं होगा।
जब ग्रामीणों ने बच्ची की मौत की सूचना आरोपी को दी, तो वह अलग-अलग बहाने बनाता रहा। इसी दौरान ग्रामीणों ने बच्ची की मां को भी घटना की जानकारी दी। मां जब गांव लौट रही थी, तो रास्ते में आरोपी उससे मिला, जिस पर ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। मृतका के ताऊ ने भी पिता पर संदेह जताया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।