#क्राइम #देश दुनिया #राज्य-शहर

गूंदपुर में सड़क हादसा: ड्यूटी से लौट रहे मजदूर की मौत, परिवार पर टूटा आर्थिक संकट

अलवर जिले के उद्योग नगर थाना क्षेत्र के गूंदपुर गांव के पास सोमवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार मजदूर की मौत हो गई। मृतक अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था, जिसकी मौत से घर पर गहरा आर्थिक संकट छा गया है।

जानकारी के अनुसार, मालाखेड़ा थाना क्षेत्र के हल्दीना गांव निवासी 40 वर्षीय पप्पू बंजारा पुत्र मानसिंह उद्योग नगर क्षेत्र में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। सोमवार शाम करीब 7 बजे वह ड्यूटी समाप्त कर अपनी बाइक से गांव लौट रहा था। उसी दौरान गूंदपुर गांव के पास तेज रफ्तार डंपर ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पप्पू की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही उद्योग नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने डंपर को जब्त कर लिया है, जबकि चालक हादसे के बाद फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

पप्पू बंजारा चार बच्चों का पिता था और परिवार का अकेला सहारा था। करीब 12 वर्ष पहले उसके पिता का निधन हो गया था, जिसके बाद से वह अपने चार छोटे भाइयों और बच्चों की जिम्मेदारी निभा रहा था। अब उसकी मौत के बाद घर में कमाने वाला कोई नहीं बचा है, क्योंकि सभी बच्चे और भाई अभी नाबालिग हैं। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *