#देश दुनिया #राज्य-शहर

गोविन्दगढ़ में सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई, चारागाह और सिवायचक जमीन कराई कब्जामुक्त…

अलवर जिले के गोविन्दगढ़ क्षेत्र में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ तहसील प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए ग्राम हसनपुर में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। तहसीलदार गोविन्दगढ़ डॉ. बसंत परसोया के नेतृत्व में चारागाह एवं सिवायचक भूमि पर लंबे समय से किए जा रहे अतिक्रमण को जेसीबी मशीन की मदद से हटाया गया।

संयुक्त प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान ग्राम हसनपुर की आराजी खासरा संख्या 227 एवं 419 (किस्म चारागाह) तथा खासरा संख्या 387 (किस्म खंडेर) पर फैले अवैध कब्जों को पूरी तरह ध्वस्त कर भूमि को कब्जामुक्त कराया गया। मौके पर चारागाह भूमि पर जमा छड़ियां, गोबर के उपले, सरसों के डंठल, पोट सहित अन्य अतिक्रमण सामग्री को हटाकर जब्त किया गया।

कार्रवाई के दौरान पटवारी हल्का बाबली जाटव, कृष्णवीर, मनीष मीणा, भू-अभिलेख निरीक्षक नारायण सैनी, सहायक पुलिस निरीक्षक हीरूलाल सहित पुलिस जाप्ता मौके पर मौजूद रहा। हटाई गई सामग्री को ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरवाकर ग्राम विकास अधिकारी गिरिराज प्रसाद को सुपुर्द किया गया।

तहसीलदार डॉ. बसंत परसोया ने मौके पर स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि चारागाह एवं सिवायचक भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में यदि दोबारा कब्जा करने का प्रयास किया गया तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस सख्त कार्रवाई से प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि सार्वजनिक एवं सरकारी भूमि की सुरक्षा के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध कब्जों पर किसी भी प्रकार की ढील नहीं दी जाएगी।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *