#क्राइम #देश दुनिया #राज्य-शहर

गोविंदगढ़ के चिड़वाई में पुराना विवाद बना खूनी संघर्ष, शादी की तैयारियों के बीच तलवार-लाठी से हमला, 7–8 घायल…

अलवर जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चिड़वाई में दो पक्षों के बीच चला आ रहा पुराना विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में लाठी-डंडों और तलवार से हमला किए जाने से एक ही परिवार के सात से आठ लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार विवाद की शुरुआत 17 फरवरी को हुई थी। गांव निवासी संजय अपने मित्र के बेटे की शादी में बारात में शामिल होने गया था। इस दौरान डब्बू नामक युवक बारात में मौजूद कुछ युवतियों की तस्वीरें खींच रहा था। संजय ने इस पर आपत्ति जताई और फोटो लेने का कारण पूछा। आरोप है कि इसी बात को लेकर डब्बू और उसके साथियों ने संजय के साथ मारपीट की, जिसे वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर शांत करा दिया था।

इसके अगले दिन, 18 फरवरी की शाम को संजय के भतीजे की शादी की तैयारियों के दौरान डब्बू अपने साथियों के साथ गांव पहुंचा और कथित तौर पर लाठी-डंडों व तलवार से संजय व उसके परिजनों पर हमला कर दिया। हमले में संजय, निक्कूराम, सप्पूबाई, लालचंद सहित अन्य लोग घायल हो गए।

वहीं दूसरे पक्ष का कहना है कि पहले हुए विवाद के बाद समझौता हो चुका था, इसके बावजूद उन पर जानलेवा हमला किया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *