गोविंदगढ़ में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, घर में बेहोशी की हालत में मिली…
अलवर जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के भैंसड़ावत गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की शादी महज तीन महीने पहले ही हुई थी।
जानकारी के अनुसार, विवाहिता अपने घर में बेहोशी की हालत में मिली। परिजन उसे तत्काल गोविंदगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई तेजराम ने बताया कि शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
फिलहाल पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के सही कारणों का खुलासा हो सके।