लिफ्ट देना पड़ा महंगा: दो बदमाशों ने एडवोकेट पर हमला कर 15 हजार रुपए व मोबाइल लूटा…
मानवता दिखाना अलवर शहर के एक एडवोकेट को भारी पड़ गया। कोतवाली थाना क्षेत्र में रविवार रात एक संगीन लूट का मामला सामने आया, जहां दो बदमाशों ने एडवोकेट अशोक कुमार जैन को निशाना बनाकर मारपीट करते हुए लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया।
पीड़ित एडवोकेट अशोक कुमार जैन ने बताया वह काशीराम चौराहे से अपने घर लौट रहे थे। इस दौरान यूआईटी के पास एक युवक ने उनसे लिफ्ट मांगी और कहा कि उसे भारत टॉकीज के नीचे छोड़ दें। इंसानियत दिखाते हुए उन्होंने युवक को स्कूटी पर बैठा लिया। जैसे ही वे पुल के नीचे उसे उतारने लगे, उसी वक्त दूसरा युवक भी वहां आ पहुंचा।
दोनों बदमाश अचानक उन पर टूट पड़े और कड़े से वार कर दिया, जिससे उनके माथे और ठोड़ी पर गंभीर चोटें आईं और वे लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद आरोपियों ने स्कूटी की डिग्गी में रखे 15,000 रुपये नकद, मोबाइल फोन, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और एडवोकेट आईडी कार्ड लूट लिए और मौके से फरार हो गए।
पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच एएसआई मोरमुकुट को सौंपी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।