#राज्य-शहर #सोशल

अलवर में वनपाल का संदिग्ध हालात में शव मिला, चौकी के कमरे में फंदे पर लटके पाए गए

राजस्थान के अलवर जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र में स्थित सिलीसेढ़ तिराहे के पास उमरैण रेंज की वन चौकी (सरिस्का बफर बाघ परियोजना) में मंगलवार सुबह एक वनपाल का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर लटका मिला। मृतक की पहचान अखिलेश डूडी के रूप में हुई है, जो खैरथल के निवासी थे और पिछले करीब 8 वर्षों से इसी चौकी पर तैनात थे।

जानकारी के अनुसार, सुबह एक ठेका कर्मचारी जब वन चौकी पहुंचा तो कमरे का मुख्य गेट अंदर से बंद मिला। संदेह होने पर वह पीछे के रास्ते से अंदर गया, जहां उसने कमरे में अखिलेश डूडी को फंदे पर लटका हुआ पाया। घटना की सूचना तुरंत वन अधिकारियों और पुलिस को दी गई।

मौके पर पहुंची अकबरपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। कमरे से शराब की बोतलें भी बरामद हुई हैं, जिससे मामले की जांच को लेकर कई पहलुओं पर विचार किया जा रहा है।

अकबरपुर थाने के हेड कांस्टेबल योगेंद्र सिंह के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन वास्तविक कारणों का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

अखिलेश डूडी अपने पीछे परिवार में तीन बच्चों को छोड़ गए हैं। एक बेटा निजी नौकरी करता है, जबकि दो अन्य नौकरी की तैयारी कर रहे हैं। इस अचानक हुई घटना से परिवार और विभाग में शोक का माहौल है।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *