#क्राइम #देश दुनिया #सोशल

मुंडावर के जसाई गांव में फायरिंग से दहशत, पुरानी रंजिश में चली गोलियां

खैरथल-तिजारा जिले के मुंडावर थाना क्षेत्र के जसाई गांव में अचानक हुई फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने दूसरे पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोलीबारी की आवाज से गांव में दहशत फैल गई और लोग डर के मारे अपने घरों में दुबक गए।

11

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया। मौके पर पहुंचकर पुलिस अधिकारियों ने हालात को काबू में किया और घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जया सिंह, डीएसपी लाल सिंह यादव और थाना अधिकारी मोहर सिंह ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। वहीं भिवाड़ी पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय पूरे मामले की मॉनिटरिंग कर रहे हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जया सिंह ने मौके का जायजा लेने के बाद कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फायरिंग की घटना के पीछे पुरानी आपसी रंजिश ही मुख्य वजह है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी करीब तीन माह पूर्व बहरोड़ क्षेत्र में बदमाशों ने एक फॉर्च्यूनर गाड़ी में तोड़फोड़ कर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में असुरक्षा का माहौल बनता जा रहा है।

फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *