अलवर में खेल उत्सव 2.0 का फाइनल 14-15 नवंबर को, भूपेंद्र यादव और खेल हस्तियां रहेंगी मौजूद…
केंद्रीय वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री एवं अलवर सांसद भूपेंद्र यादव द्वारा वी-शक्ति संस्था के बैनर तले आयोजित कराए जा रहे ‘अलवर सांसद खेल उत्सव 2.0’ के फाइनल स्टेज के खेलों का भव्य आयोजन 14 व 15 नवम्बर को इंदिरा गांधी स्टेडियम में किया जाएगा।
‘अलवर सांसद खेल उत्सव 2.0’ के दौरान विधानसभा स्तर पर 29 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक कबड्डी, खो-खो, कुश्ती, एथलेटिक्स, रस्सा-कस्सी, लंबी कूद, शॉट पुट, वॉलीबॉल व बास्केटबॉल खेलों के क्वार्टर फाइनल व सेमीफाइनल मैचों तथा 7 नवम्बर से 9 नवम्बर तक मुक्केबाज़ी, योगा और बैडमिंटन क्वार्टर फाइनल व सेमीफाइनल मैचों के विजेताओं के बीच फाइनल मैच 14 और 15 नवम्बर को इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित होंगे।
आयोजन के दौरान भाग लेंगी नामचीन हस्तियां
‘अलवर सांसद खेल उत्सव 2.0’ के फाइनल मैचों के दौरान केंद्रीय वन मंत्री एवं अलवर सांसद भूपेंद्र यादव की अगुवाई में रेसलिंग सुपरस्टार योगेश्वर दत्त, श्रीमती बबीता फोगाट, तथा कबड्डी सुपरस्टार अनुप कुमार मुख्य आकर्षण के रूप में उपस्थित रहेंगे।
साथ ही, वन राज्य मंत्री संजय शर्मा, बहरोड़ विधायक डॉ. जसवंत यादव, तिजारा विधायक बाबा बालकनाथ, तथा रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह, पन्ना के राजपरिवार से महारानी श्रीमती कृष्णा कुमारी, तथा देश व प्रदेश की विभिन्न क्षेत्रों की नामचीन हस्तियां भी मौजूद रहेंगी।
उल्लेखनीय है कि गत वर्ष आयोजित अलवर सांसद खेल उत्सव की सफलता के कारण इस वर्ष जिले के बच्चों में उत्सव को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। जिससे गत वर्ष की अपेक्षा पंजीकरण में उल्लेखनीय वृद्धि हुई और इस वर्ष 50,000 से अधिक प्रतिभागी बच्चों ने अपनी प्रतिभा और जोश का प्रदर्शन किया।