दिन में सिंचाई बिजली की मांग पर अड़े किसान, राजगढ़ डिस्कॉम ने दिया समाधान का आश्वासन
उपखण्ड क्षेत्र के पलवा गांव से जुड़े गोरखपुरा जीएसएस के किसानों ने सिंचाई के लिए दिन में बिजली आपूर्ति करने की मांग को लेकर शुक्रवार को जयपुर डिस्कॉम, राजगढ़ कार्यालय में सहायक अभियंता बी.के. खत्री से मुलाकात की। किसानों ने बताया कि वर्तमान में गोरखपुरा जीएसएस से रात 10 बजे से सुबह 3 बजे तक बिजली आपूर्ति की जा रही है, जिसके कारण भीषण सर्दी में पानी मोड़ने में कठिनाई होती है और जंगली जानवरों का भी भय बना रहता है।
किसानों का कहना है कि गोरखपुरा फीडर से पलवा, ढिगावड़ा, कोठी नारायणपुर, बहाली, कल्याणपुरा, फिरोजपुर, खानकी का बास, होदाहेली, कांडोली, बाढ़ ढिगावड़ा, साधन का बास और बावड़ी गांवों में पिछले एक सप्ताह से रात्रिकालीन बिजली आपूर्ति की जा रही है, जिससे उन्हें भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। किसानों ने डिमांड रखी कि रात्रि के बजाय दिन में बिजली दी जाए ताकि खेती कार्य सुचारु रूप से हो सके।
सहायक अभियंता बी.के. खत्री ने किसानों को आश्वासन देते हुए बताया कि गोरखपुरा जीएसएस पर 5 एमवीए और 3.15 एमवीए के दो ट्रांसफार्मर लगे हुए हैं। 5 एमवीए ट्रांसफार्मर पर तीन फीडर संचालित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि 3.15 एमवीए ट्रांसफार्मर पर लोड परीक्षण किया जाएगा, यदि लोड बैलेंस हो पाया तो दिन में बिजली देने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।