रूपबास में पारिवारिक विवाद ने लिया हिंसक रूप, बेटे ने मां और भाई पर तलवार से किया जानलेवा हमला
अलवर के सदर थाना क्षेत्र के रूपबास गांव में पारिवारिक विवाद ने बुधवार को हिंसक रूप ले लिया। एक बेटे ने अपनी ही मां पर तलवार से जानलेवा हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे छोटे भाई पर भी आरोपी ने बेरहमी से वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल मोहन सिंह को तुरंत उपचार के लिए अलवर के सामान्य चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार, रूपबास निवासी गगन सिंह, जिसे स्थानीय लोग अपराध प्रवृत्ति का बताते हैं, कुछ समय पहले एक शादीशुदा महिला को अपने घर ले आया था। इसके बाद उसने अपनी मां और छोटे भाई को परिवार सहित घर से बाहर निकाल दिया।
मजबूरी में पीड़ित परिवार पिछले करीब छह महीनों से घर के बाहर टीन शेड बनाकर रह रहा है। पीड़ितों का आरोप है कि उन्होंने कई बार सदर थाने में शिकायत दी और पुलिस अधीक्षक को भी मामले से अवगत कराया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह फिर से विवाद बढ़ा, जिसके बाद आरोपी ने तलवार निकालकर अपनी मां पर हमला करने की कोशिश की। इस दौरान बचाव में आए मोहन सिंह पर उसने जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसके कान और हाथ गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल मोहन सिंह ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई की जाती तो इस तरह की घटना को रोका जा सकता था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।