#क्राइम #देश दुनिया #राज्य-शहर

डूंगरपुर: प्रेम-प्रसंग के चलते युवक की हत्या, आरोपी ने दो दिन बाद किया सरेंडर…

राजस्थान के डूंगरपुर जिले के सागवाड़ा थाना क्षेत्र में प्रेम-प्रसंग के चलते हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कोकापुर गांव में एक युवक की हत्या कर उसका शव सड़क किनारे खाई में फेंक दिया गया। घटना के दो दिन बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और वारदात की जानकारी देते हुए आत्मसमर्पण कर दिया।

पुलिस के अनुसार कोकापुर निवासी दिनेश पाटीदार रविवार सुबह सागवाड़ा थाने पहुंचा और बताया कि उसने अपने पड़ोसी तिलेश पाटीदार की हत्या कर दी है। आरोपी के बयान के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर उसके बताए स्थान काली घाटी पहुंचकर खाई में पड़े शव को बरामद किया। शव की पहचान तिलेश पाटीदार के रूप में हुई।


अवैध संबंध को लेकर हुआ विवाद

सागवाड़ा थाना प्रभारी मनीष खोईवाल के मुताबिक प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक तिलेश के उसकी भाभी के साथ कथित प्रेम-प्रसंग और अवैध संबंध थे। इसी बात से नाराज होकर उसने 6 फरवरी को हत्या कर शव को खाई में फेंक दिया।


एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सागवाड़ा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस ने आरोपी को डिटेन कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


झालावाड़: नाले में मिला महिला का शव, पहचान के प्रयास जारी

झालावाड़। शहर के बस स्टैंड स्थित मुख्य डाकघर के सामने रविवार सुबह नाले में एक महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू टीम की मदद से शव को बाहर निकलवाया।

एएसआई अशोक कुमार के अनुसार सुबह करीब 7:30 बजे सूचना मिली थी। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस आसपास के क्षेत्रों में गुमशुदगी के रिकॉर्ड खंगाल रही है। शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

प्राथमिक जांच में महिला के शरीर पर गंभीर चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस का अनुमान है कि संभवतः महिला सुबह शौच के लिए आई हो और नाले में गिर गई हो, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम और जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *