#देश दुनिया #धार्मिक #पॉलिटिक्स #राज्य-शहर #सोशल

जनजातीय गौरव दिवस समारोह का जिलास्तरीय कार्यक्रम आयोजित…

अतिथियों ने आदिवासी समाज के 58 प्रतिभावान बच्चों को किया सम्मानित

प्रदर्शनी एवं लघु फिल्म के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा की जीवन गाथा से आमजन एवं बच्चों को कराया अवगत

जनजातीय क्षेत्रों के 39 परिवारों का हुआ पक्के घर का सपना साकार, शोभायात्रा के माध्यम से भगवान बिरसा मुण्डा की जीवनगाथा से कराया परिचय

अलवर 15 नवम्बर। भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर शनिवार को प्रताप ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री श्री भूपेंद्र यादव, जिला प्रभारी मंत्राी व कृषि एवं उद्यानिकी विभाग मंत्राी डॉ. किरोडी लाल मीणा तथा वन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री संजय शर्मा की गरिमामय उपस्थिति रही। इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के राष्ट्रीय कार्यक्रम एवं मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के राज्य स्तरीय समारोह के प्रेरणादायक उद्बोधन को वीसी का माध्यम से सुना गया। इस दौरान जिला स्तरीय कार्यक्रम में प्रदर्शनी एवं लघु फिल्म के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा की जीवन गाथा से आमजन, महिलाओं एवं बच्चों को रूबरू कराया गया।

धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर गुजरात के देदियापाडा में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने 9 हजार 700 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। साथ ही जनजातीय समुदायों के उत्थान और क्षेत्र के ग्रामीण व दूरदराज के इलाकों में बुनियादी ढ़ांचे में सुधार के उद्देश्य से विकास परियोजनाओं की भी सौगात दी। वहीं जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में डूंगरपुर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने जनजातीय समुदायों के विकास एवं कल्याण के लिए 62 करोड़ रुपये की लागत के 31 कार्यों का शिलान्यास तथा 25 करोड़ रुपये की लागत के 31 कार्यों का लोकार्पण किया। वहीं, किसानों एवं जनजातीय छात्र-छात्राओं को कुल 204 करोड़ की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की। मुख्यमंत्री द्वारा जनजातीय गौरव दिवस समारोह में शिक्षा, उन्नत कृषि क्षेत्रा, कला एवं संस्कृति, महिला उद्यमिता तथा खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर उपलब्धि प्राप्त करने वालों को जनजातीय गौरव सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। 

केंद्रीय वन मंत्री श्री भूपेन्द्र यादव ने भगवान बिरसा मुण्डा को नमन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर 15 नवम्बर को भगवान बिरसा मुण्डा के जन्मदिवस को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में सम्पूर्ण देश में मनाया जा रहा है। उन्होंने भगवान बिरसा मुण्डा के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अंग्रेजों के अत्याचारों के प्रति जनजाति समाज का जागरण कर अंग्रेजों के खिलाफ स्वाभिमान व स्वाधीनता की लडाई लडी तथा जनजाति समाज में नशामुक्ति व स्वच्छता के लिए जागरूकता का कार्य किया। 

जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला प्रभारी मंत्री व कृषि एवं उद्यानिकी विभाग मंत्राी डॉ. किरोडी लाल मीणा ने भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने इतिहास में भूला दिए गए हमारे महापुरूषों को प्रकाश में लाने का कार्य किया गया है। इसी कडी में उनकी प्रेरणा से संपूर्ण देश में भगवान बिरसा मुंडा की 150 वीं जन्म जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में उत्साह से मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आदिवासियों के पवित्र धाम मानगढ़ धाम को विकसित कराया गया। उन्होंने कहा कि हम सभी को आदिवासियों के गौरवशाली इतिहास को जानने की आवश्यकता है, आदिवासी महापुरुषों का देश के स्वतंत्राता संग्राम में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कार्यक्रम में आदिवासी सांस्कृतिक प्रस्तुति पर स्वयं भी नृत्य किया।

वन राज्यमंत्री श्री संजय शर्मा ने कहा कि भगवान बिरसा मुण्डा का आदिवासी समाज के उत्थान में अद्वितीय योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा जनजातीय समाज के गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सुरक्षा के लिए योजनाएं पहुंचाने का कार्य निरन्तर किया जा रहा है तथा वर्तमान समय में शिक्षा की क्रांति भगवान बिरसा मुण्डा जैसे महापुरूषों के जागरण का ही परिणाम है।

इस दौरान अतिथियों ने आदिवासी समाज के 58 प्रतिभावान बच्चों को प्रशस्ति पत्र एवं बैग भेंट कर सम्मानित किया। आदिवासी समुदाय के इतिहास, आजादी व पर्यावरण संरक्षण में उनके योगदान विषय पर मुख्य वक्ता के रूप में प्रो. भागीरथ प्रसाद मीणा ने विस्तार से जानकारी प्रदान की। मंच संचालन श्री दिनेश शर्मा एवं श्री प्रदीप पंचौली ने किया। 

जनजातीय गौरव दिवस के सुअवसर पर 39 परिवारों को कराया गृह प्रवेश

आबा भगवान बिरसा मुण्डा की 150वीं जयन्ती के उपलक्ष्य में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस के तहत आज प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत जिले के जनजातीय क्षेत्रों के 39 परिवारों को गृह प्रवेश कराया गया। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री सालुखे गौरव रवीन्द्र ने बताया कि पंचायत समिति कठूमर में 9, रैणी में 9, लक्ष्मणगढ में 8, राजगढ में 5, थानागाजी में 6, मालाखेडा व गोविन्दगढ में 1-1 परिवारों को गृह प्रवेश कराया गया है। लाभार्थियों ने अपने नए घर के सपने के पूर्ण होने पर खुशी व्यवक्त करते हुए बताया कि कच्चा घर होने के कारण बहुत परेशानियों का सामना करना पडता था। अब पक्का घर होने से किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पडेगा। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण ने हमारे पक्के घर के सपने को साकार किया है।

शोभायात्रा हुई आयोजित, प्रदर्शनी व स्टॉल भी लगी

इससे पूर्व धरती आबा भगवान बिरसा मुण्डा की 150वीं जयन्ती के उपलक्ष्य में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस के तहत आज मोती डूंगरी स्थित राजीव गांधी पार्क से प्रताप ऑडिटोरियम तक शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा को जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री सालुखे गौरव रवीन्द्र एवं नगर निगम आयुक्त श्री सोहन सिंह नरूका ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान बडी संख्या में महिलाओं एवं युवाओं ने शोभायात्रा में भाग लेकर भगवान बिरसा मुण्डा के जीवनगाथा एवं योगदान के संबंध पोस्टर व बैनर के माध्यम से आमजन को जागरूक किया। कार्यक्रम स्थल प्रताप ऑडिटोरियम में जिला प्रशासन एवं सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के सहयोग से लगाई गई दो दिवसीय प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही। वहीं राजीविका की स्टॉल तथा मेडिकल चेकअप कैम्प का भी आयोजन हुआ। 

कार्यक्रम में रामगढ़ विधायक श्री सुखवंत सिंह, जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला, जिला अध्यक्ष श्री अशोक गुप्ता व श्री महासिंह चौधरी, अतिरिक्त जिला कलक्टर द्वितीय श्री योगेश डागुर, अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर श्रीमती बीना महावर, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री सालुखे गौरव रविंद्र, प्रधान रामगढ़ श्री नसरू खान, श्री बन्नाराम मीणा, पं. जलेसिंह, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी श्री महेश गुप्ता, पर्यटन विभाग की उपनिदेशक श्रीमती टीना यादव सहित जनप्रतिनिधिगण, प्रबुद्ध नागरिक एवं बड़ी संख्या में आमजन व महिलाएं मौजूद रही।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *