#देश दुनिया #राज्य-शहर #सोशल

जिला स्तरीय बाल वाहिनी प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित…

स्कूल वाहनों की सुरक्षा पर जीरो टॉलरेंस— पुलिस अधीक्षक का निर्देश

30 नवंबर तक सभी स्कूलों में होंगी संयुक्त जागरूकता गतिविधियाँ
नियम उल्लंघन पर स्कूल प्रबंधन व वाहन संचालकों पर होगी कड़ी कार्रवाई

अलवर, 21 नवंबर। पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी की अध्यक्षता में बुधवार को पुलिस सभागार में जिला स्तरीय बाल वाहिनी प्रबंधन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्कूल वाहनों की सुरक्षा, मानकों की निगरानी और उल्लंघनों पर सख्त कार्रवाई जैसे प्रमुख मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।

पुलिस अधीक्षक चौधरी ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए बाल वाहिनी संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने शिक्षा, परिवहन और पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि 30 नवंबर तक सभी स्कूल वाहनों व चालकों की स्थिति का संयुक्त निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें, साथ ही सभी विद्यालयों में संयुक्त जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएं।

एसपी ने स्पष्ट किया कि गंभीर नियम उल्लंघन करने वाले स्कूल प्रबंधन और वाहन संचालकों पर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी, वहीं बिना पंजीकरण वाली बाल वाहिनियों का तुरंत पंजीकरण कराने और निर्धारित मानकों के अनुसार संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

वाहन चालकों की स्वास्थ्य जांच और फिटनेस अनिवार्य

उन्होंने आरटीओ और डिप्टी सीएमएचओ को सभी स्कूल वाहन चालकों के लिए ब्लॉकवार स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर लगाने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि फिटनेस के बिना चल रही सभी बाल वाहिनियों को जब्त किया जाए।
बार-बार सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूलों के विरुद्ध मान्यता रद्द करने तक की कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

स्कूलों के आसपास बेहतर यातायात प्रबंधन का निर्देश

एसपी चौधरी ने पीडब्ल्यूडी, नगर निगम और यूआईटी अधिकारियों को स्कूलों के आसपास साइनेज, रंबल स्ट्रिप आदि की उपलब्धता की जांच कर, आवश्यकतानुसार उन्हें लगाने के निर्देश दिए।
साथ ही आरटीओ को स्कूल प्रबंधन और वाहन संचालकों के लिए सभी सुरक्षा मानकों व कानूनी प्रावधानों पर आधारित एक वीडियो तैयार कर वितरित करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने आश्वासन दिया कि बाल वाहिनी संचालन की अगली समीक्षा बैठक तीन महीने बाद नहीं, बल्कि अगले माह ही आयोजित की जाएगी, जिसमें अधिक संख्या में स्कूल प्रबंधन और एसोसिएशन प्रतिनिधियों को शामिल किया जाएगा।

न्यायिक अधिकारियों का मार्गदर्शन

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पूर्णकालिक सचिव एवं अपर जिला न्यायाधीश मोहन लाल सोनी ने बाल वाहिनी संचालन से संबंधित उच्च न्यायालय के आदेशों और कानूनी प्रावधानों को फील्ड में कड़ाई से लागू करने पर जोर दिया। उन्होंने केवल कार्रवाई नहीं, बल्कि फील्ड विजिट और जागरूकता कार्यक्रमों को भी अनिवार्य बताया।

विभागीय अधिकारियों का विश्वास

प्रादेशिक परिवहन अधिकारी सतीश चौधरी ने कहा कि बैठक में दिए गए निर्देशों की पूरी गंभीरता से पालना कराई जाएगी।

बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) बीना महावर, सीईओ ग्रामीण शिवानी, एआरटीओ ललित कुमार गुप्ता, डीटीओ सविता भारद्वाज, डीईओ माध्यमिक महेश मेहता, डिप्टी सीएमएचओ डॉ. महेश बैरवा, यूआईटी अधीक्षण अभियंता अशोक मदान, पीडब्ल्यूडी सहायक अभियंता सौरभ अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कई स्कूल प्रबंधक उपस्थित रहे।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *