#देश दुनिया #पॉलिटिक्स #राज्य-शहर

अलवर में दिशा बैठक: भूपेंद्र यादव ने विकास योजनाओं की समीक्षा की , वन मंत्री संजय शर्मा भी रहे मौजूद…

अलवर जिला परिषद सभागार में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री और अलवर सांसद भूपेंद्र यादव की अध्यक्षता में सोमवार को जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा के साथ अधिकारियों को तय समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

टीम भावना से करें कार्य, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई

मंत्री यादव ने अधिकारियों से कहा कि जिले के सर्वांगीण विकास के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने विशेष रूप से जल जीवन मिशन के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और कहा कि हर गांव में पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए।

टीबी मुक्त अभियान में जनभागीदारी पर जोर

भूपेंद्र यादव ने कहा कि टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान को जनआंदोलन के रूप में चलाया जाए। उन्होंने बताया कि सरकार टीबी मरीजों को न केवल मुफ्त इलाज देती है, बल्कि पोषण हेतु प्रतिमाह ₹1000 की सहायता भी प्रदान करती है। सीएमएचओ को निर्देश दिए गए कि जिले की शेष ग्राम पंचायतों को भी जल्द टीबी मुक्त घोषित किया जाए।

स्वच्छता, आवास और सौर ऊर्जा योजनाओं पर फोकस

केंद्रीय मंत्री ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने पीएम आवास योजना के लाभ पात्र परिवारों तक समय पर पहुँचाने के निर्देश दिए। वहीं पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत नागरिकों को रूफटॉप सोलर प्लांट लगाने के लिए प्रोत्साहित करने और सरकारी कार्यालयों को सौर ऊर्जा से जोड़ने पर भी बल दिया।

कृषि, प्याज प्रसंस्करण और लीगेसी वेस्ट निस्तारण पर चर्चा

बैठक में कृषि विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए यादव ने मृदा परीक्षण और एफपीओ के सशक्तिकरण पर जोर दिया। उन्होंने अलवर मंडी में प्याज पाउडर प्लांट को शीघ्र शुरू करने और एनडीडीबी से समन्वय कर प्याज की खरीद प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही लीगेसी वेस्ट के निस्तारण हेतु एनएचएआई से समन्वय बढ़ाने पर जोर दिया।

जनप्रतिनिधियों ने रखीं स्थानीय समस्याएं, अधिकारी देंगे एक्शन रिपोर्ट

बैठक में सांसद, विधायक और पंचायत प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं से केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया। भूपेंद्र यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी सुझावों पर त्वरित कार्रवाई करें और अगली बैठक में एक्शन टेकन रिपोर्ट प्रस्तुत करें। जिला कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने आश्वासन दिया कि सभी निर्देशों की अनुपालना प्राथमिकता से कराई जाएगी।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *