दिल्ली दरवाजा में युवक ने ससुराल के बाहर खुद को लगाई आग, गंभीर हालत में जयपुर रेफर
घायल युवक की पहचान रवि जाटव निवासी रुद्र धूनी नाथ का बास के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आग बुझाई और युवक को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जयपुर रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार रवि जाटव का अपनी पत्नी ज्योति के साथ आए दिन शराब के नशे में झगड़ा और मारपीट होती थी। करीब डेढ़ माह पहले ज्योति घर से लापता हो गई थी, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट उद्योग नगर थाने में दर्ज कराई गई थी। पत्नी के लापता होने के बाद रवि अपने ससुराल पक्ष पर ज्योति को छिपाकर रखने का आरोप लगाता था और उन्हें धमकी भी देता था, जबकि बताया जा रहा है कि ज्योति अपने पीहर में भी नहीं थी।
पत्नी की तलाश में लगातार असफल रहने के बाद रवि मानसिक रूप से काफी परेशान हो गया। इसी दौरान वह दिल्ली दरवाजा स्थित अपने ससुराल पहुंचा, लेकिन वहां भी पत्नी का कोई सुराग नहीं मिलने पर उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
वहीं महिला के भाई मनोज ने आरोप लगाया कि रवि जाटव उसकी बहन ज्योति के साथ आए दिन मारपीट करता था, जिससे परेशान होकर ही वह घर छोड़कर चली गई थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।