खेरली में शिक्षक पर जानलेवा हमला, पुरानी रंजिश में चली गोलियां…
अलवर जिले के खेरली थाना क्षेत्र में मंगलवार को पुरानी रंजिश के चलते एक शिक्षक पर फायरिंग की सनसनीखेज वारदात सामने आई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घायल शिक्षक को गंभीर हालत में अलवर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, देवी धौलागढ़ थाना क्षेत्र के गांव भनोखर स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय में कार्यरत लैक्चरार प्रेम गोपाल शर्मा, जो खेडा लग्न गांव के निवासी हैं, पर हमला उस समय हुआ जब वे स्कूल से घर लौट रहे थे। रास्ते में पहले से रंजिश रखने वाले मुकेश मीणा ने उन पर फायरिंग कर दी।
गोली लगने से प्रेम गोपाल शर्मा के पैर में गंभीर चोट आई और वे मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े। घटना के बाद आरोपी बाइक पर सवार होकर फरार हो गया। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही खेरली थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल शिक्षक को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए अलवर के निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया।
परिजनों का आरोप:
परिजनों का कहना है कि आरोपी और शिक्षक के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। कई बार समझाइश के बावजूद मुकेश मीणा ने धमकियां दी थीं। मंगलवार को उसने मौका पाकर हमला कर दिया।