#देश दुनिया #पॉलिटिक्स #राज्य-शहर

अलवर में कांग्रेस का बीएलए प्रशिक्षण शिविर, पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह एवं नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने बूथ मजबूती पर दिया जोर…

अलवर/जयपुर । अलवर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के बीएलए का मोती डूंगरी कार्यालय एवं अलवर शहर का कटी घाटी स्थित एक निजी होटल में पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह के मुख्य आतिथ्य में प्रशिक्षण शिविर आयोजित हुआ।

पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि राजस्थान में फेल और मजाक की सरकार चल रही है और आगामी चुनावों को लेकर सभी को पूरी गंभीरता के साथ जुटने की अपील की।

सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार चुनावों से पहले माहौल को प्रभावित करने की कोशिश करेगी। उन्होंने कहा कि ये साल भर पहले 10 हजार रुपए बांटेंगे, फर्जी वोट कराएंगे।

कार्यक्रम में यह संदेश स्पष्ट रूप से दिया गया कि पार्टी बूथ स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए पूर्ण रूप से सक्रिय है। उन्होंने बीएलए की भूमिका और जिम्मेदारियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि एक मजबूत और प्रशिक्षित बीएलए ही बूथ पर निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित कर सकता है। उन्होंने कहा कि बीएलए की सतर्कता और जिम्मेदार कार्रवाई अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। कार्यक्रम में बूथ प्रबंधन, मतदान केंद्रों पर आचारसंहिता, मतदाता सूची का सूक्ष्म अवलोकन, संदिग्ध प्रविष्टियों की पहचान और चुनाव आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों पर भी विस्तृत जानकारी दी गई।
उन्होंने कहा कि पार्टी की जीत बूथ से ही तय होती है और हर बूथ पर मजबूत बीएलए पार्टी के लिए “पहली जीत” की तरह है, इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को बूथ स्तर पर संघर्ष और जिम्मेदारी दोनों के साथ काम करना चाहिए।

अलवर ग्रामीण की जनता के दम पर नेता प्रतिपक्ष बने जूली-जितेंद्र सिंह :

पूर्व केंद्रीय मंत्री भंवर जितेंद्र सिंह ने राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली को लेकर कहा कि जितेंद्र सिंह ने जूली को नेता प्रतिपक्ष नहीं बनाया, बल्कि अलवर ग्रामीण की जनता ने बनाया है।
जूली तो बहरोड़ के रहने वाले थे। जनता ने इनको अपनाया। पहले जिला प्रमुख बनाया, फिर विधानसभा जीतने के बाद जूली ने छाप छोड़ी। उसके बाद मंत्री बने।

मंत्री बनने के बाद भी जनता ने अच्छे वोटों से जिताया, जिसके बाद राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने इनको पहचानकर राजस्थान में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी सौंपी।

अंता विधानसभा से प्रदेश सरकार की हालत सामने आ चुकी है- जूली :

नेता प्रतिपक्ष जूली ने संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि संविधान बचाने और अपने मौलिक अधिकारों की रक्षा के लिए मताधिकार सबसे बड़ा अधिकार है।

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि राजस्थान में एसआईआर इतनी जल्दी कराने का कारण यही है कि यहां पंचायत और नगर निकाय के चुनाव होने हैं।
प्रदेश सरकार की हालत खराब है। अंता विधानसभा से सरकार की हालत सामने आ चुकी है।
जूली ने कहा कि नगर निकाय और पंचायत चुनाव से पहले वोट काटने की जद्दोजहद है। सरकार ने इसी मंशा के साथ पहले चरण में राजस्थान को शामिल किया है।

प्रशिक्षण में वोट चोरी रोकने के महासंकल्प के साथ कार्यकर्ताओं में खासा जोश दिखाई दिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य आगामी चुनावों में बूथ प्रबंधन को मजबूत बनाना, मतदाता सूची में अनियमितताओं को रोकना और “वोट चोरी” पर अंकुश लगाने के लिए समर्पित कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करना रहा।

कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष योगेश मिश्रा,विधायक दीपचंद खेरिया,ललित यादव, शकुंतला रावत,सुमन यादव, संजय यादव, दीनबंधु शर्मा, संजीव बारेठ, जफरू खान,नरेन्द्र सावित्री मीणा, रोहिताश्व प्रधान, उमरदीन खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, स्थानीय पदाधिकारी और बूथ प्रतिनिधि मौजूद रहे।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *