अलवर में प्याज के गिरते दामों पर कांग्रेस ने उठाई आवाज, किसानों को राहत देने की मांग…
अलवर जिले में प्याज की कीमतों में लगातार गिरावट से परेशान किसानों की समस्या अब सियासी मुद्दा बन गई है। मंगलवार शाम कांग्रेस पदाधिकारियों ने जिला कलेक्टर के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपते हुए किसानों की आर्थिक स्थिति पर चिंता जताई और सरकार से तत्काल राहत की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन में कहा कि प्याज के दाम इतने नीचे चले गए हैं कि किसान अपनी फसल खेतों में ही नष्ट करने को मजबूर हैं। लगातार गिरते भावों से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है, जिससे वे कर्ज के बोझ तले दबते जा रहे हैं।
पार्टी ने मांग की है कि राजस्थान सरकार केंद्र सरकार पर दबाव बनाए ताकि प्याज समेत अन्य प्रमुख फसलों—बाजरा, ज्वार, मक्का, गेहूं, जौ, चना और सरसों—के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) लागू किया जा सके। इससे किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सकेगा।
कांग्रेस ने बीजेपी पर वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में एमएसपी लागू करने का वादा किया था, लेकिन अब तक उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। पार्टी ने सरकार से प्याज किसानों को मुआवजा देने और कृषि अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष योगेश मिश्रा ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने किसानों की समस्याओं पर जल्द कदम नहीं उठाए, तो कांग्रेस आंदोलन का रास्ता अपनाने को बाध्य होगी।