अलवर में वोटर लिस्ट को लेकर कांग्रेस का विरोध, SIR के आधार पर चुनाव कराने की मांग
अलवर में कांग्रेस नेताओं ने सरकार और प्रशासन पर नगर निकाय चुनाव पुरानी वोटर लिस्ट के आधार पर कराने की तैयारी का आरोप लगाया है। इस मामले को लेकर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल सहायक कलेक्टर से मिलने पहुंचा और अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि विशेष पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, इसलिए चुनाव उसी के आधार पर कराए जाने चाहिए। उनका आरोप है कि पुरानी वोटर लिस्ट में बड़ी संख्या में मृत और डुप्लीकेट नाम शामिल हैं, जिससे चुनाव की निष्पक्षता प्रभावित हो सकती है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रकाश गंगावत ने कहा कि SIR के जरिए मतदाता सूची को दुरुस्त किया जा चुका है, इसके बावजूद पुरानी सूची से चुनाव कराना गलत है। उन्होंने बताया कि कई बूथों पर 100 से अधिक मृत मतदाताओं के नाम अब भी दर्ज हैं, जबकि डबल वोटर्स की संख्या भी काफी अधिक है।
गंगावत ने यह भी आरोप लगाया कि नगर निकायों के परिसीमन में कई जगह गड़बड़ियां हुई हैं और बीएलओ पर दबाव डालकर काम कराया गया है। उन्होंने कहा कि ये सभी मुद्दे प्रशासन के सामने रखे गए हैं और फिलहाल उनकी मांगों पर विचार करने का आश्वासन मिला है।
कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि SIR के अनुसार चुनाव नहीं कराए गए, तो इसे लेकर आगे आंदोलन किया जाएगा।