ऊंटवाल गांव में दो पक्षों की भिड़ंत: लाठी-सरियों से हमला, चार गंभीर घायल
अलवर बगड़ तिराहा थाना क्षेत्र के ऊंटवाल गांव में बुधवार शाम करीब 4:30 बजे दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर हुआ विवाद अचानक खूनी झड़प में बदल गया। दोनों तरफ से लाठी–डंडों, फरसी और लोहे के सरियों से एक-दूसरे पर हमला किया गया, जिसमें एक पक्ष के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों के परिजन अरशद के अनुसार, चार दिन पहले बच्चों के बीच हुए छोटे से झगड़े को लेकर शेर मोहम्मद और आस मोहम्मद के परिवार से तकरार हुई थी। उस समय ग्रामीणों ने समझाइश कर मामला शांत करा दिया था। लेकिन बुधवार शाम अचानक शेर मोहम्मद, आस मोहम्मद, सदीक, खालिद, मोबीन, शकील, नसिर और संजीदा सहित लगभग 10 लोगों ने घर पर धावा बोल दिया।
आरोप है कि हमलावरों ने पहले छत से पत्थर बरसाए, फिर फरसी और लोहे के सरियों से हमला कर दिया। इस हमले में सोराब (55), शमी खां (45), जमील (30) और जुबेर (25) गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
परिजनों का कहना है कि मामूली विवाद को लेकर हमला किया गया है। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है और पुलिस पूरी घटना की जांच कर रही है।