अलवर में नेहरू जयंती पर बाल दिवस उत्साह से मनाया, कांग्रेस नेताओं ने किए माल्यार्पण व याद किए उनके आदर्श…
अलवर में देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर बाल दिवस बड़ी उत्साहपूर्ण माहौल के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी ने पुराने सूचना केंद्र में स्थित नेहरू की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उनके जीवन, विचारों व योगदान पर केंद्रित एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया।
कार्यक्रम में कांग्रेस जिला अध्यक्ष योगेश मिश्रा, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष कमलेश सैनी, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एस.आर. यादव सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
गोष्ठी में वक्ताओं ने नेहरू को राष्ट्र निर्माण का आदर्श बताते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी विचारों और कार्यों ने आधुनिक भारत की मजबूत नींव रखी। उन्होंने स्मरण कराया कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान नेहरू ने लंबे समय तक जेल में रहकर देशहित में संघर्ष किया, जिसे इतिहास सदैव याद रखेगा।
नेताओं ने कहा कि नेहरू के मार्ग पर चलना ही देश को प्रगति की दिशा में आगे ले जाने का सही तरीका है। बाल दिवस के मौके पर बच्चों के प्रति उनके विशेष स्नेह और देश के भविष्य के लिए उनकी सोच को भी श्रद्धापूर्वक याद किया गया।