टॉफी समझकर मुंह में डाला ‘पॉप’ पटाखा, विस्फोट से तीन साल की मासूम का जबड़ा फटा; दुकानदार गिरफ्तार
अलवर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में तीन साल की मासूम बच्ची को दुकानदार द्वारा टॉफी के रूप में विस्फोटक दिए जाने के आरोप में पुलिस ने दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया है वही पुलिस इस मामले में पीड़ित परिवार की रिपोर्ट के आधार पर गम्भीरता से जांच कर रही है ।
इस घटना में तीन साल की बच्ची के मुंह में पटाखा फटने से पूरा जबड़ा फट गया था , इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया , यह मामला रामगढ़ में अलवर मार्ग स्थित चौकी बास गांव का है । हालांकि यह अभी साफ नहीं हो पाया कि दुकानदार ने लापरवाही या जानबूझ कर बच्ची को पटाखा दिया ।
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने परिजनों को सूचना दी। गंभीर हालत में बच्ची को तत्काल अलवर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने आपातकालीन सर्जरी कर उसकी जान बचाई। चिकित्सकों के अनुसार ऑपरेशन सफल रहा है और फिलहाल बच्ची खतरे से बाहर है, लेकिन एहतियातन उसे निगरानी में रखा गया है। डॉक्टरों का कहना है कि समय पर इलाज नहीं मिलता तो जान का खतरा हो सकता था।
घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। इस मामले में बच्ची की चाची निकिता पुत्री परवीन की शिकायत पर रामगढ़ थाने में मामला दर्ज किया गया। थानाधिकारी डॉ. विजेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी दुकानदार सुदील उर्फ काला निवासी चौकी बास, रामगढ़ को गिरफ्तार कर लिया गया है। बुधवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।