बूंदी में जमीनी विवाद पर बवाल: पुलिस टीम पर हमला, 4 जवान घायल…
बूंदी के हिंडोली थाना क्षेत्र के बड़ा नया गांव में जमीनी विवाद के दौरान दो पक्षों में हुआ विवाद अचानक हिंसक हो गया। बीच-बचाव करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया, जिसमें एएसआई मणिराज सिंह, कांस्टेबल धर्मचंद, किशनलाल और चालक दिनेश कुमार घायल हो गए। हमले में पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त हुआ।
घटना का वीडियो भी सामने आया है जिसमें दोनों पक्ष लाठी-डंडों के साथ आमने-सामने दिख रहे हैं, कुछ महिलाएं हंगामा कर रही हैं और खेत की फसल में आग लगाई गई है। हालात काबू से बाहर होते देख अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया।
डीएसपी अजीत मेघवंशी और थानाधिकारी सहदेव मौके पर पहुंचे और हालात नियंत्रित किए। पुलिस ने हमलावरों की पहचान शुरू कर दी है और सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। गांव में अतिरिक्त जाब्ता तैनात कर दिया गया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।