#देश दुनिया #पॉलिटिक्स #बिजनेस #राज्य-शहर

बजट 2026 में तिजारा को विकास की बड़ी सौगातें: विधायक बालक नाथ योगी ने मुख्यमंत्री का जताया आभार

तिजारा

राजस्थान बजट 2026 में तिजारा विधानसभा क्षेत्र को मिली विभिन्न विकास योजनाओं पर विधायक महंत श्री बालक नाथ योगी ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह बजट राजस्थान के समग्र विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है, जिससे तिजारा सहित पूरे प्रदेश को व्यापक लाभ मिलेगा।

विधायक योगी ने विशेष रूप से 1020 करोड़ रुपये की वर्षा जल भराव एवं बाढ़ समस्या समाधान योजना में प्रदेश के सात शहरों के साथ भिवाड़ी को शामिल किए जाने को ऐतिहासिक निर्णय बताया। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान संभव हो सकेगा।

इसके अलावा तिजारा सलालपुर में 220 केवी ग्रिड सब स्टेशन की स्थापना, भिवाड़ी में 50 मीट्रिक टन क्षमता के कचरा निस्तारण प्लांट, तिजारा में डाक बंगला निर्माण तथा एयर क्वालिटी मैनेजमेंट के तहत प्रशासनिक सुधार के लिए टपूकड़ा में वीसी सेटअप की घोषणा को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

नगरीय विकास के अंतर्गत सीवरेज कार्य, ड्रेनेज सिस्टम सुधार हेतु 20 करोड़ रुपये, टपूकड़ा में नाला निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपये तथा भिवाड़ी नगर परिषद क्षेत्र में पार्कों के पुनर्विकास के लिए 2 करोड़ रुपये का प्रावधान भी बजट की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल है।

औद्योगिक विकास को गति देने के उद्देश्य से भिवाड़ी के चौपनकी और कहरानी में औद्योगिक पार्क एवं आधारभूत संरचना विकास कार्यों की घोषणा को भी विधायक ने सराहा। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और क्षेत्र की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी।

विधायक बालक नाथ योगी ने कहा कि खैरथल-तिजारा जिले के लिए की गई संयुक्त घोषणाएं न केवल बुनियादी विकास को गति देंगी, बल्कि पर्यावरण सुधार और प्रशासनिक व्यवस्था को भी मजबूत करेंगी। इससे क्षेत्र के आमजन को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और तिजारा विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *