Brazil: COP30 स्थल पर भीषण आग, हजारों प्रतिनिधि सुरक्षित बाहर निकाले गए…
ब्राज़ील के बेलेम (Belém) शहर में आयोजित संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन COP30 के मुख्य स्थल पर गुरुवार को अचानक भीषण आग भड़क उठी। आग लगते ही सम्मेलन का “ब्लू ज़ोन”—जहाँ शीर्षस्तरीय वार्ताएं, पवेलियन, मीडिया सेंटर और विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठकें चल रही थीं—को तुरंत खाली करवाया गया।
घटना के दौरान स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी की गंभीर चोट की खबर नहीं है।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण एक इलेक्ट्रिकल उपकरण—संभावित रूप से माइक्रोवेव—का खराब होना बताया जा रहा है। जिस हिस्से में आग लगी, वह एक बड़े तंबू जैसी संरचना थी, जिसकी छत और दीवारें फैब्रिक की बनी होने से आग तेजी से फैल सकी।
फायर अलार्म बजते ही सुरक्षा कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और कुछ ही मिनटों में फायर ब्रिगेड भी वहां पहुंच गई। स्थानीय प्रशासन के अनुसार, आग करीब 6 मिनट में नियंत्रण में ले ली गई।
मौके का माहौल: ‘धुआँ, चीखें और भगदड़’
घटना के समय क्षेत्र में हजारों लोग मौजूद थे। आग और धुएं की वजह से अचानक भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ सेकंड में पूरा पवेलियन धुएं से भर गया और प्रतिनिधियों, पत्रकारों तथा स्वयंसेवकों ने बाहर की ओर दौड़ लगा दी।
अधिकारियों के अनुसार इस हादसे में 21 लोग प्रभावित हुए
जिसमें 19 लोगों को धुएँ की वजह से सांस लेने में दिक्कत हुई ,2 लोग घबराहट (anxiety) के कारण प्रभावित हुए ,
सभी को मौके पर ही चिकित्सा मदद प्रदान की गई और किसी की हालत गंभीर नहीं बताई गई है।
COP30 की वार्ताओं पर असर देखा गया इस दौरान कई सेशन रोके गए , ब्लू ज़ोन के संबंधित हिस्से को बंद कर सुरक्षा जांच की जा रही है ,फॉसिल फ्यूल ट्रांज़िशन और जलवायु फंडिंग जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चल रही वार्ताओं में बाधा आई
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब COP30 अपने निर्णायक चरण में पहुँच रहा था
राज्य सरकार ने यह स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने के बाद ही गतिविधियाँ दोबारा शुरू होंगी।
ब्राज़ील सरकार की प्रतिक्रिया
ब्राज़ील के पर्यटन मंत्री सेल्सो साबिनो ने बयान जारी कर कहा:
“आग पूरी तरह नियंत्रण में है।”
“सभी प्रतिनिधि सुरक्षित हैं।”
“घटना चिंताजनक है, लेकिन बड़े आयोजनों में इस तरह की तकनीकी दिक्कतें असामान्य नहीं।” स्थल पर सुरक्षा मानकों की दोबारा समीक्षा की जा रही है
COP30 स्थल पर आग ने जहाँ आयोजन की तैयारियों और सुरक्षा प्रोटोकॉल पर सवाल खड़े किए हैं, वहीं इसने जलवायु वार्ताओं की गति भी धीमी कर दी है। हालांकि, तेज़ कार्रवाई और बेहतर आपदा प्रबंधन से एक बड़ी दुर्घटना टल गई।