झुंझुनूं के खिरोड़ गांव में खूनी गैंगवार: दो की मौत, दो घायल, तीन आरोपी हिरासत में
झुंझुनूं जिले के नवलगढ़ थाना क्षेत्र के खिरोड़ गांव में शुक्रवार सुबह पुरानी जमीनी रंजिश के चलते खूनी गैंगवार भड़क उठी। कैमरी की ढाणी में हिस्ट्रीशीटर रविंद्र कटेवा के घर पर अचानक बदमाशों ने हमला कर दिया। फायरिंग के दौरान नवलगढ़ की ढाका की ढाणी निवासी सुनील सुंडा को गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई। इसी दौरान दूसरी ओर से चली गोली रानोली थाना क्षेत्र के पलसाना निवासी गोलू स्वामी को लगी। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
इस गैंगवार में दो अन्य युवक भी घायल हुए हैं, जिनमें हमलावर पक्ष के राजू और पिंटू शामिल बताए जा रहे हैं। दोनों को नवलगढ़ के सरकारी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद सीकर रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया। झुंझुनूं एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय स्वयं मामले की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेंद्र राजावत, नवलगढ़ डिप्टी और नवलगढ़ व गोठड़ा थाना पुलिस जाप्ता मौके पर मौजूद है।