सरकारी नौकरी का झांसा देकर ठगी करने वाला पूर्व न्यायालय कर्मचारी पत्नी समेत गिरफ्तार, 5 साल से था फरार…
भिवाड़ी पुलिस ने सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक पूर्व न्यायालय कर्मचारी और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ओमप्रकाश गुप्ता और उसकी पत्नी पूनम गुप्ता पिछले पांच साल से फरार थे। दोनों पर 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस ने उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से दोनों को दबोच लिया।
भिवाड़ी एसपी प्रशांत किरण ने बताया कि यह मामला वर्ष 2021 में सामने आया था। शिकायतकर्ता शिखा यादव अपने पति मनीष यादव के साथ किसी कार्य से तिजारा न्यायालय गई थीं। इसी दौरान न्यायालय के रिकॉर्ड रूम में तैनात रहे ओमप्रकाश गुप्ता और उसकी पत्नी पूनम गुप्ता ने उन्हें राजस्थान हाईकोर्ट में क्लर्क की नौकरी दिलाने का झांसा दिया।
जब शिखा यादव को दस्तावेजों के फर्जी होने का पता चला तो उन्होंने तिजारा थाने में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। एसपी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ तिजारा, सदर अलवर और कुड़ी भगतासनी (जोधपुर) समेत कई थानों में प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए दोनों ने अपने सभी संपर्क तोड़ लिए थे। रिश्तेदारों से पूछताछ और खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस को अमरोहा जिले के गजरौला क्षेत्र में आरोपियों के छिपे होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।