भीलवाड़ा में दिल दहला देने वाली वारदात: पिता ने 13 साल के बेटे की हत्या की, जहर खाने से पिता की भी मौत…
भीलवाड़ा जिले के बड़लियास थाना क्षेत्र के बड़ला गांव में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक पिता ने अपने ही 13 वर्षीय बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी और इसके बाद स्वयं विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। इलाज के दौरान पिता की भी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मांडलगढ़ पुलिस उपाधीक्षक बाबूलाल बिश्नोई, बड़लियास थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस उपाधीक्षक बाबूलाल बिश्नोई ने बताया कि बड़ला गांव निवासी राधेश्याम वैष्णव ने अपने 13 वर्षीय पुत्र वंश वैष्णव की घास काटने की दातली से गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद राधेश्याम ने पहले पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया, लेकिन असफल रहने पर विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया।
परिजनों के अनुसार सुबह घर का गेट अंदर से बंद था। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिवार के सदस्य दीवार फांदकर अंदर पहुंचे। कमरे का दरवाजा खुलवाने पर राधेश्याम जमीन पर गिर पड़ा। वहीं चारपाई पर सो रहे वंश का गला कटा हुआ शव पड़ा मिला।
घटना की सूचना तुरंत परिजनों और ग्राम प्रशासक शिवराज जाट को दी गई। गंभीर हालत में राधेश्याम को जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
राधेश्याम के शव का पोस्टमार्टम जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में तथा बेटे वंश के शव का पोस्टमार्टम सवाईपुर चिकित्सालय में मेडिकल बोर्ड से कराया जा रहा है।
भीलवाड़ा से पहुंची एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव और क्षेत्र में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।