#क्राइम #देश दुनिया #राज्य-शहर

डिपोर्ट होने के बाद फिर अवैध एंट्री: बांग्लादेशी महिला मुंबई में गेटवे ऑफ इंडिया के पास गिरफ्तार


देश से पहले ही निष्कासित की जा चुकी एक 38 वर्षीय बांग्लादेशी महिला एक बार फिर अवैध तरीके से भारत में दाखिल हो गई। इस बार उसे मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया इलाके से हिरासत में लिया गया है। कोलाबा पुलिस ने विदेशी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।


गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, 5 जनवरी की सुबह करीब 9 बजे कोलाबा पुलिस स्टेशन की एंटी-टेररिज़्म सेल को सूचना मिली कि एक महिला बिना वैध दस्तावेजों के गेटवे ऑफ इंडिया के आसपास घूम रही है। सूचना मिलते ही PSI मोरे के नेतृत्व में टीम ने इलाके में तलाश शुरू की।

शाम करीब 4:30 बजे, गेट के बाहर एक महिला संदिग्ध हालत में दिखाई दी। पूछताछ पर उसने अपना नाम जुलेखा जमाल शेख (38) बताया और कहा कि वह नागपाड़ा-कामाठीपुरा इलाके में फुटपाथ पर रहती है।


पूछताछ में बड़ा खुलासा

महिला को कोलाबा पुलिस स्टेशन लाकर जब गहन पूछताछ की गई तो उसने स्वीकार किया कि वह बांग्लादेश की नागरिक है। जांच में उसने यह भी बताया कि अगस्त 2025 में मुंबई के अग्रिपाड़ा पुलिस ने उसे भारत से डिपोर्ट कर बांग्लादेशी अधिकारियों के हवाले किया था।

इसके बाद वह भारत-बांग्लादेश सीमा के जंगलों के रास्ते चोरी-छिपे दोबारा भारत में दाखिल हो गई। जब उससे पासपोर्ट, वीजा या अन्य वैध यात्रा दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई कागजात पेश नहीं कर सकी।


पहचान और पुराने रिकॉर्ड की पुष्टि

पुलिस जांच में महिला का मूल पता बांग्लादेश के खुलना डिवीजन के जशोर जिले के राजाघाट गांव के रूप में सामने आया है। स्पेशल ब्रांच के रिकॉर्ड से भी पुष्टि हुई कि 6 अगस्त 2025 के आदेश के तहत उसे पहले भारत से निष्कासित किया गया था।


आगे की जांच जारी

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि महिला ने किन लोगों की मदद से सीमा पार की और क्या इस अवैध घुसपैठ के पीछे कोई संगठित नेटवर्क सक्रिय है। मामले में विदेशी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *