#देश दुनिया #पॉलिटिक्स #राज्य-शहर

राजस्थान विधानसभा में गरजे तिजारा विधायक महंत बालकनाथ योगी, पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर साधा निशाना, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का जताया आभार

तिजारा विधायक महंत बालकनाथ योगी राजस्थान विधानसभा में राज्यपाल महोदय के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान उपस्थित रहे। इस अवसर पर उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए उस पर भ्रष्टाचार बढ़ाने और तिजारा क्षेत्र के विकास कार्यों को रोकने के गंभीर आरोप लगाए। वहीं वर्तमान भाजपा सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए उन्होंने क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों के लिए माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त किया।

सदन में अपने वक्तव्य के दौरान महंत बालकनाथ योगी ने बीड़ा इंटीग्रेटेड 60 व 45 मीटर सड़क निर्माण, जिला एवं उप जिला अस्पताल भवनों के निर्माण, खिजूरीबास टोल शिफ्टिंग सहित अन्य विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में ये सभी योजनाएं केवल कागजों तक सीमित रहीं और वर्षों तक लंबित पड़ी रहीं।

विधायक ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार के गठन के बाद अटके हुए विकास कार्यों को गति मिली है। वर्षों से लंबित खिजूरीबास टोल शिफ्टिंग, भिवाड़ी जिला अस्पताल भवन निर्माण और तिजारा में उप जिला अस्पताल की सौगात भाजपा सरकार में ही संभव हो पाई है। उन्होंने यह भी बताया कि वसुंधरा राजे सरकार के समय नीमराना-बहरोड़ लिंक रोड के लिए प्रयास किए गए थे, लेकिन कांग्रेस सरकार अपने पांच साल के कार्यकाल में इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा सकी। अब वर्तमान सरकार में शीघ्र ही डीपीआर तैयार कर कार्य शुरू किया जाएगा।

इसके साथ ही उन्होंने भिवाड़ी टोल से टपूकड़ा तक सिक्स लेन हाईवे परियोजना का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए इसे क्षेत्र के विकास के लिए मील का पत्थर बताया।

महंत बालकनाथ योगी ने कहा कि कांग्रेस सरकार केवल सोशल मीडिया और फेसबुक घोषणाओं तक सीमित रही, जबकि जमीनी स्तर पर कोई ठोस विकास नहीं हुआ। वर्ष 2023 के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है। आज तिजारा विधानसभा सहित पूरे प्रदेश में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं, जिनका सीधा लाभ आम जनता को मिल रहा है।

सदन में कांग्रेस विधायकों की कम उपस्थिति पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कांग्रेस के विधायक विधानसभा में दिखाई भी नहीं देंगे, क्योंकि जनता ने उनके खोखले वादों और नाकाम शासन का जवाब दे दिया है।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *