खुले कुएं में गिरकर विकलांग युवक की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़…
खैरथल-तिजारा जिले के ततारपुर थाना क्षेत्र के गांव अजीजपुर में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 35 वर्षीय युवक की खुले कुएं में गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान अनिल ओढ़ के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार अनिल रेलवे पटरी के पास ठेली लगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था और वह विकलांग भी था। बुधवार दोपहर वह घर के सामने से गुजर रहा था, तभी बारिश के कारण पैर फिसल गया और पास ही स्थित करीब 150 फीट गहरे खुले कुएं में जा गिरा।
घटना के बाद परिजन और ग्रामीण उसे गंभीर हालत में सामान्य चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद गांव में शोक की लहर फैल गई। परिजनों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव में चार से पांच खुले कुएं हैं, जो लगातार हादसों को न्योता दे रहे हैं। इससे पहले भी एक अन्य व्यक्ति की मौत हो चुकी है, इसके बावजूद प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायतें करने के बावजूद कुओं को ढंका नहीं गया, जिससे इस तरह की घटनाएं बार-बार सामने आ रही हैं।
अनिल अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसके तीन छोटे बच्चे हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। इस हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने और गांव में मौजूद सभी खुले कुओं को तत्काल बंद कराने की मांग की है।