अरावली में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई: पुलिस-प्रशासन ने रास्ते बंद कर जब्त किए ट्रैक्टर, कई पर FIR…
अलवर जिले की अरावली पर्वतमाला में अवैध खनन पर नकेल कसते हुए पुलिस और प्रशासन ने बगड़ तिराया थाना क्षेत्र के साडोली गांव में बड़ी कार्रवाई की। अवैध खनन की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और चल रहे खनन कार्य को तुरंत रुकवा दिया। पुलिस को देखते ही खनन में शामिल लोगों में हड़कंप मच गया और अधिकांश मौके से फरार हो गए।
स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए प्रशासन ने जेसीबी मशीन की मदद से खनन क्षेत्र के रास्तों पर गहरी खाइयां खुदवाकर उन्हें बंद कर दिया, ताकि पत्थरों की अवैध आवाजाही रोकी जा सके।
जिला प्रभारी एवं एडीएम सिटी बीना मावर ने बताया कि अब तक जिले में अवैध खनन के 21 प्रकरण सामने आ चुके हैं, जिनमें 9 मामलों में एफआईआर दर्ज की गई है। कार्रवाई के दौरान 15 से अधिक ट्रैक्टर जब्त किए गए हैं और कुछ आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया है। उन्होंने कहा कि अवैध खनन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
सावडी गांव सहित करीब एक दर्जन स्थानों पर खनन मार्गों को बंद किया गया है, जहां से माफिया पत्थरों की अवैध ढुलाई करता था। कार्रवाई के समय ग्रामीणों ने रास्ते बंद करने का विरोध भी किया, लेकिन पुलिस ने समझाइश कर स्थिति शांत कर दी।