#देश दुनिया #राज्य-शहर

अमेरिका में साइलेंट अटैक से युवक की मौत, 12 दिन बाद गांव पहुंचा शव, हर आंख हुई नम..

अलवर/खैरथल-तिजारा।
डेढ़ साल पहले 20 लाख रुपये में पुस्तैनी जमीन बेचकर परिवार के बेहतर भविष्य का सपना लेकर अमेरिका गए युवक का शव जब 12 दिन बाद गांव पहुंचा, तो पूरा गांव शोक में डूब गया। परिवार के इकलौते बेटे की अंतिम यात्रा ने हर आंख को नम कर दिया।

खैरथल-तिजारा जिले के जाट बहरोड़ निवासी विपिन चौधरी (पुत्र हवा सिंह) की 30 दिसंबर को अमेरिका में साइलेंट अटैक से मौत हो गई थी। शनिवार सुबह जब उनका शव गांव लाया गया, तो बहन भाई को देखकर फूट-फूटकर रो पड़ी। दादी ने दूर से ही पौते के अंतिम दर्शन किए। मां पहले से विकलांग हैं और बेटे की मौत के बाद से बेसुध हैं, जबकि पिता हवा सिंह बेटे की मौत का समाचार मिलने के बाद चार दिन तक अस्पताल में भर्ती रहे।

विपिन परिवार का इकलौता बेटा था और वही मां-पिता, दादी व बहनों की उम्मीदों का सहारा था। पहले बेटे की मौत की सूचना और फिर शव को भारत लाने की लंबी प्रक्रिया ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। 12 दिन की मशक्कत के बाद जब शव गांव पहुंचा, तो शोक का माहौल छा गया।

कई दिन पुराना शव होने के कारण संक्रमण के खतरे को देखते हुए गांव में पहुंचते ही परिजनों को मास्क पहनाए गए। दोनों बहनों को भाई के पास जाने से रोक दिया गया और उन्हें दूर से ही दर्शन करने दिए गए। वे अपने भाई को छू तक नहीं सकीं। दादी भी दूर से ही पौते के दर्शन कर सकीं। बताया गया कि पौते की मौत की खबर के बाद से दादी कई दिनों तक सो नहीं पाईं और सरकार से लगातार बेटे का शव जल्द भारत लाने की गुहार लगाती रहीं।

विपिन जून 2024 में नौकरी के लिए अमेरिका गया था, जहां वह एक शॉपिंग मॉल में बिलिंग का काम करता था। 29 दिसंबर की रात उसने परिवार से वीडियो कॉल पर बातचीत की थी और खुद को पूरी तरह स्वस्थ बताया था। अगली सुबह जब वह नहीं उठा, तो साथ रहने वाले दोस्त उसे अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के अनुसार, विपिन का शव भारत लाने में इंडियन कम्युनिटी वेलफेयर फंड (भारत सरकार) की ओर से करीब साढ़े सात लाख रुपये का खर्च वहन किया गया। इस पूरी प्रक्रिया में राजस्थान एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका (राना), न्यूयॉर्क के अध्यक्ष प्रेम भंडारी की अहम भूमिका रही, जिनके सहयोग से शव को भारत भेजना संभव हो सका।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *