अलवर में युवा संबल रोजगार मेला आयोजित, 611 युवाओं का प्राथमिक चयन, 7 लाभार्थियों को मिले ऋण स्वीकृति पत्र
अलवर, 10 फरवरी।
कालीमोरी स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में सोमवार को युवा संबल रोजगार मेला-2026 का आयोजन किया गया। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने फीता काटकर मेले का शुभारंभ किया तथा विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत 7 लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र सौंपे। रोजगार मेले में कुल 611 युवाओं का विभिन्न नियोजक कंपनियों द्वारा रोजगार हेतु प्राथमिक चयन किया गया।
जिला कलक्टर ने मेले में लगी विभिन्न कंपनियों की स्टॉलों का अवलोकन किया और कंपनी प्रतिनिधियों से युवाओं को उपलब्ध कराए जा रहे रोजगार अवसरों, कार्य की प्रकृति तथा चयन प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने नियोजकों से कहा कि युवाओं की योग्यता के अनुरूप अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं।
संवाद के दौरान डॉ. शुक्ला ने युवाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उनके कौशल विकास, रोजगार एवं स्वरोजगार के लिए राज्य सरकार द्वारा अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ उठाकर युवा आत्मनिर्भर बन सकते हैं। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को मेले में आए युवाओं को विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य के लिए महिला बीमा सखी प्रियवदा शर्मा को सम्मानित किया गया।
7 लाभार्थियों को सौंपे गए ऋण स्वीकृति पत्र
विश्वकर्मा युवा उद्यमी प्रोत्साहन योजना के तहत मसाला निर्माण के लिए तेजपाल सिंह यादव को 20 लाख रुपये, बेकरी प्रोडक्ट निर्माण के लिए चिराग जैन को 16.40 लाख रुपये, फोटोग्राफी कार्य के लिए नंदलाल गुर्जर को 8.82 लाख रुपये, महेंद्र कुमार सैन को 3 लाख रुपये, मनोज मेठी को 2.25 लाख रुपये तथा डीजी सेट हेतु हेमा सैनी को 5.35 लाख रुपये के ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।
वहीं डॉ. भीमराव अंबेडकर राजस्थान दलित एवं आदिवासी उद्यम प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत कॉस्मेटिक एवं बुटिक कार्य के लिए देशराज मीना को 12.75 लाख रुपये का चेक सौंपा गया।
ऋण स्वीकृति पत्र प्राप्त करने के बाद नंदलाल गुर्जर ने बताया कि इस राशि से फोटोग्राफी से जुड़ी आधुनिक मशीनें और आवश्यक उपकरण खरीदकर वे अपना व्यवसाय शुरू कर सकेंगे, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी।
वहीं चिराग जैन ने कहा कि योजना के तहत सुगमता से ऋण मिलने से वे अपने बेकरी व्यवसाय का विस्तार कर पाएंगे और अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध करा सकेंगे। उन्होंने युवाओं के हित में संचालित योजनाओं के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर उपखंड अधिकारी माधव भारद्वाज, संयुक्त निदेशक श्यामलाल साटोलिया, जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र के महाप्रबंधक संजय प्रधान, आईटीआई उप निदेशक मनोज अग्रवाल, रोजगार विभाग के सहायक निदेशक हरीश कुमार नैनकवाल सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।